
West Bengal Political Violence : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद जारी राजनीतिक हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। उत्तर 24 परगना जिले के पनिहाटी इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं पर देशी बम से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। इस हमले में कम से कम पांच भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने गुरुवार को इस घटना की पुष्टि की है।
यह हमला ऐसे समय हुआ है जब कुछ घंटों पहले ही भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के लंबे समय से निजी सहायक रहे चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दोनों घटनाओं ने राज्य की राजनीति को और गरमा दिया है (West Bengal Political Violence)।
पुलिस के मुताबिक यह घटना पनिहाटी नगरपालिका के वार्ड नंबर 2 स्थित दत्ता रोड पर आधी रात के बाद हुई। बताया जा रहा है कि कुछ भाजपा कार्यकर्ता इलाके में स्थानीय लोगों से बातचीत कर रहे थे। तभी बाइक पर सवार कुछ लोग अचानक वहां पहुंचे और भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर बम फेंक दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर चार की संख्या में थे और उन्होंने लगातार तीन बम फेंके। धमाकों के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए (West Bengal Political Violence)।
इस हमले में पांच भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत आरजी कार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इलाके में तनाव, पुलिस और केंद्रीय बल तैनात
घटना के बाद पनिहाटी और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही खरदाह पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। केंद्रीय बलों को भी इलाके में तैनात किया गया और सुरक्षा बढ़ा दी गई।
पुलिस ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी (West Bengal Political Violence)।
यह भी पढ़ें : Vijay win analysis Tamil Nadu : स्क्रीन से सियासत तक, तमिलनाडु में ऐसे थलापति बने विजय
शुभेंदु अधिकारी का TMC पर निशाना
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में पिछले 15 वर्षों से बदले की राजनीति चल रही है।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह 15 वर्षों के महा जंगलराज का परिणाम है। कल रात खरदाह में बम विस्फोट हुआ और बसीरहाट में भाजपा कार्यकर्ताओं पर गोलियां चलाई गईं। हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा (West Bengal Political Violence)।
भाजपा ने इस हमले के लिए तृणमूल कांग्रेस समर्थित उपद्रवियों को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, इस मामले में तृणमूल कांग्रेस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है (West Bengal Political Violence)।
यह भी पढ़ें : BJP win reasons analysis : बीजेपी से बंगाल की ‘ममता’, वजह क्या रही
चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद बढ़ा राजनीतिक तनाव
पनिहाटी बम हमले से पहले मध्यमग्राम इलाके में शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया गया कि वह अपने घर लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया।
भाजपा का आरोप है कि दोनों घटनाएं राजनीतिक हिंसा से जुड़ी हुई हैं। हालांकि पुलिस फिलहाल सभी एंगल से जांच कर रही है (West Bengal Political Violence)।
4 मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से राज्य के कई हिस्सों से हिंसा की खबरें सामने आ चुकी हैं। कई जगहों पर तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, मारपीट, पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ और पोस्टर फाड़ने की घटनाएं हुई हैं (West Bengal Political Violence)।
कुछ इलाकों में भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाए जाने के आरोप लगे हैं, जबकि दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस ने भी अपने कार्यकर्ताओं पर हमले का दावा किया है।



