UP Teacher Vacancy : उत्तर प्रदेश में शिक्षक और विद्यालय प्रमुख बनने का अवसर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी, प्रधानाध्यापक और प्रधानाचार्य के कुल 20,382 पदों पर भर्ती के लिए तीन विज्ञापन जारी किए हैं। इनमें प्रशिक्षित स्नातक सहायक अध्यापक (टीजीटी) के 17,735, हाईस्कूल स्तर के विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के 1,172 और इंटरमीडिएट स्तर के विद्यालयों में प्रधानाचार्य के 1,475 पद शामिल हैं।
टीजीटी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 24 अक्टूबर 2026 से शुरू होंगे। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 23 नवंबर और आवेदन पत्र में संशोधन की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 है। आयोग ने टीजीटी भर्ती परीक्षा के लिए 23 और 24 दिसंबर 2026 की तारीखें निर्धारित की हैं (UP Teacher Vacancy)।
यह भी पढ़ें : राहुल की रैली पर बीजेपी का सवाल, एक नवंबर ही क्यों?
प्रधानाध्यापक के 1,172 पदों पर भर्ती
आयोग हाईस्कूल स्तर के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के 1,172 रिक्त पदों पर भर्ती करेगा। इनमें बालक विद्यालयों के 1,037 और बालिका विद्यालयों के 135 पद शामिल हैं। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया 23 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 22 नवंबर और आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 है। इसकी परीक्षा 7 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी (UP Teacher Vacancy)।
प्रधानाचार्य के 1,475 पदों पर अवसर
इंटरमीडिएट स्तर के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य के 1,475 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें बालक विद्यालयों के 1,318 और बालिका विद्यालयों के 157 पद शामिल हैं। इस भर्ती के लिए भी आवेदन प्रक्रिया 23 अक्टूबर 2026 से शुरू हो गई है। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 22 नवंबर और आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 है। प्रधानाचार्य भर्ती की परीक्षा भी 7 जनवरी 2027 को निर्धारित है (UP Teacher Vacancy)।
आवेदन से पहले OTR जरूरी
तीनों भर्तियों के लिए आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि शैक्षिक योग्यता, पात्रता और अन्य शर्तों से जुड़ी जानकारी के लिए अलग से व्यक्तिगत परामर्श नहीं दिया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले संबंधित भर्ती का विस्तृत विज्ञापन और निर्देश पुस्तिका ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है (UP Teacher Vacancy)।
तीनों भर्तियों से संबंधित विस्तृत जानकारी उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट UPESSC पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी अपनी पात्रता जांचने के बाद निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इन भर्तियों से प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों और विद्यालय प्रमुखों के रिक्त पदों को भरने के साथ रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे (UP Teacher Vacancy)।



