
UP Weather Today : मकर संक्रांति के मौके पर भी उत्तर प्रदेश को ठंड से राहत नहीं मिली है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बर्फीली हवाओं, शीतलहर और घने कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सुबह और शाम के समय हालात और ज्यादा गंभीर हो जाते हैं, जहां कई जगहों पर जीरो विजिबिलिटी के चलते सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आज प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं घने से अत्यधिक घने कोहरे की स्थिति देखने को मिल सकती है। सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और बरेली जैसे जिलों में सुबह और देर शाम के समय अत्यधिक घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे की वजह से सूरज के दर्शन भी देर से हो रहे हैं, जिससे दिन में तापमान बढ़ने की प्रक्रिया धीमी बनी हुई है। (UP Weather Today)
मौसम विभाग ने पश्चिमी और मध्य यूपी के कई अन्य जिलों में भी आज घने कोहरे की चेतावनी दी है। शामली, बागपत, मेरठ, मुजफ्फरनगर, संभल, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर समेत बुंदेलखंड और पूर्वांचल के जिलों जालौन, झांसी, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, ललितपुर, प्रयागराज, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और कुशीनगर में भी यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम रहने की आशंका है।
सर्द हवाओं ने पूरे प्रदेश में गलन और ठिठुरन को और बढ़ा दिया है। मैदानी इलाकों में करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही शीतलहर लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर रही है। बीते 24 घंटों के दौरान मुजफ्फरनगर और मेरठ में न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ठंडे जिले रहे।
इसके अलावा बरेली, कानपुर और हरदोई में भी कड़ाके की ठंड महसूस की गई। राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 1.5 डिग्री कम है। (UP Weather Today)
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले एक हफ्ते तक यूपी में ठंड और कोहरे से राहत के आसार नहीं हैं। 15 जनवरी से हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर 18 और 19 जनवरी के आसपास उत्तर प्रदेश में देखने को मिलेगा। इस दौरान पश्चिमी यूपी के जिलों जैसे मेरठ, आगरा और सहारनपुर में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है (UP Weather Today)।
हालांकि अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी देखी जा सकती है। तब तक लोगों को ठंड, कोहरे और शीतलहर से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है (UP Weather Today)।



